
गुरुग्राम, 16 जुलाई। शहर के पॉश एरिश में मां-बेटी द्वारा जहर निगल कर आत्महत्या कर दी गई। महज 8 दिन पहले ही महिला के पति ने एक होटल में जा कर सुसाइड कर लिया था। पुलिस का कहना है कि अभी मामले का जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर 67 की सोसाइटी में मां-बेटी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। मृतकों का नाम वीना शेट्टी और उनकी 24 वर्षीय बेटी याशिका शेट्टी है। वीना शेट्टी के पति हरि शेट्टी ने भी 8 दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के अनुसार शुरूआती जांच में सामने आया है कि हरि शेट्टी अपने परिवार के साथ सेक्टर 67 की वर्धमान सोसायटी में इसी साल जनवरी से रह रहे थे। हरि शेट्टी पेशे से टैक्स कंंसलटेंट थे और वीना वीणा शेट्टी एक निजी कंपनी में काम करती थी। इनकी दो जुड़वा बेटियां थी, जिसमें एक ने अपनी मां के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। वर्धमान सोसाइटी के मैनेजर अशोक वर्मा ने बताया कि हरि शेट्टी 6 महीने पहले ही यहां शिफ्ट हुए थे। उन्होंने भी 6 जुलाई को सेक्टर 53 में एक निजी होटल में आत्महत्या कर ली थी।
अशोक वर्मा ने बताया कि वीना शेट्टी की दो जुड़वा बेटी है और आज सुबह ही उनकी एक बेटी ने आत्महत्या की खबर पुलिस को दी। बेटी ने बताया कि उसने सुबह उठकर देखा की उसकी बहन याशिका बेड पर मृत हालत में है तो वो अपनी मां को बुलाने के लिए भागी, लेकिन वीना भी बाथरूम में मृत हालत में मिली। जिसके बाद सोसायटी के मैनेजर और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बहरहाल गुरुग्राम पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। इस घटना के बाद आसपास के लोग भौचक्के हैं।