
रोहतक : रोहतक की जनता कालोनी में होटल संचालक दंपती की घर के अंदर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप होटल संचालक के बेटे पर है। जो मौके से फरार हो गया। शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जनता कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय चंद्रभान काठमंडी पुल के नजदीक तारा के नाम से होटल चलाते थे। शनिवार तड़के करीब 5:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चंद्रभान और उसकी पत्नी 50 वर्षीय निशा की घर के अंदर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मकान के नीचे वाले कमरे में दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। जिनकी कनपटी पर गोली मारी गई थी। पुलिस ने उनकी पुत्रवधू से मामले की जानकारी ली।छानबीन में पता चला कि दोहरे हत्याकांड को बेटे ने अंजाम दिया है। जो मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि तरुण माता-पिता का इकलौता बेटा है जो होटल को अपने नाम कराना चाहता था। इसके अलावा परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चला हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसने अपने माता पिता की हत्या की है। एसएसएल इंचार्ज डा सरोज मालिक दहिया को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।