
यमुनानगर: महिला थाना में दंपती के बीच चल रहे विवाद का निपटारा कराने के लिए काउंसलिंग में झगड़ा हो गया। महिला पक्ष के लोगों ने उसके पति को जमकर पीटा और उसका सिर फोड़ दिया। थाने में लात घूसे चले। मामला बढ़ने पर शहर यमुनानगर थाना पुलिस पहुंची और आरोपितों को हिरासत में ले लिया। मामले में जींद के राजेंद्र नगर निवासी पारचा की शिकायत पर उसकी ससुराल पक्ष के चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है। जींद निवासी पारचा की शादी विष्णुनगर निवासी प्रतिभा के साथ हुई थी। इस शादी से उनके पास दो बच्चे हैं। कुछ दिनों से दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। जिस पर पत्नी प्रतिभा अपने मायके में रह रही थी। उसने महिला थाना में पारचा व उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दे रखी है। इस मामले में महिला थाना पुलिस की ओर से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश हो रही है। इसके तहत ही दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए महिला थाना में बुलाया गया। यहीं पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर झगड़ा होने लगा।