
बांदा (उत्तरप्रदेश), 11 अगस्त: उत्तरप्रदेश के इलाके में एक नाव यमुना नदी में डूब गई। नाव में करीब चालीस लोग सवार थे। 20 से 25 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। नाव में सवार महिलाएं रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए मायके जा रही थीं। हादसा पतवार टूटने की वजह से हुआ है। फिलहाल रेस्कयू ऑप्रेशन जारी है। आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। गोताखोर की टीम ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है और अब तक चार शव निकाल चुके हैं। कुछ लोग तैरकर बाहर निकल गए। दरअसल रक्षाबंधन पर्व पर समगरा गांव से महिलाएं व लोग मरका घाट पर पहुंचे थे। यमुना नदी पार करके फतेहपुर जिले के असोथर घाट जाने के लिए नाव पर करीब 50 लोग सवार हुए थे। यमुना नदी में बीच धारा में पहुंचते ही नाव असंतुलित होकर पलट गई। गौरतलब है कि इन दिनों यमुना नदी पूरे उफान पर है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हम अपने गांव से पत्नी को लेकर ससुराल खागा राखी बंधवाने के लिए जा रहे थे। जब हम नदी के किनारे पहुंचे तो सिर्फ एक ही नाव थी। दोपहर तीन बजे का समय था नदी पार जाने वालों की भीड़ ज्यादा थी। देखते देखते नाव में करीब 40-50 लोग सवार हो गए और कुछ मोटर साइकिल भी नाव पर रख दी गईं।”