
गुरुग्राम, 12 अगस्त (जन सरोकार ब्यूरो): साइबर सिटी गुरुग्राम में घरेलू कुत्तों की ओर से लगातार लोगों पर हमला करने के मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को भी गुरुग्राम में पिटबुल डॉग ने एक महिला पर हमला कर लिया। कुत्ते ने महिला को बुरी तरह से नोंच डाला। हमले में बुरी तरह जख्मी महिला को पहले नागरिक अस्पताल और फिर गंभीर अवस्था में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गुडग़ांव के झाड़सा बांध के निकट मुन्नी देवी रहती है। मुन्नी देवी घरों में सफाई का काम करती है। शुक्रवार सुबह मुन्नी देवी सिविल लाइन रोड पर किसी काम से जा रही थी। इसी दौरान एक मकानर से बाहर आए पिटबुल डॉग ने मुन्नी पर हमला कर दिया। मुन्नी को काफी बुरी तरह से काटा। इससे मुन्नी के सिर और गले पर गहरे घाव हो गए। किसी तरह पिटबुल के चंगुल से छूटकर मुन्नी ने अपनी जान बचाई। लहूलुहान हालत में मुन्नी को देख आसपास के लोगों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।