सफाई कर्मचारियों ने इस प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने की भरसक कोशिश की लेकिन पुलिस प्रशासन की सख्ती हावी रही

जन सरोकार ब्यूरो।
चंडीगढ़।
दीपावली का त्यौहार और पूरे हरियाणा में लगे गंदगी के ढेर अब सरकार को भी परेशान करने लग गए हैं। हरियाणा में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर आज सरकार पूरे एक्शन में दिखी। सुबह से ही हरियाणा के कई शहरों में पुलिस की मदद से गंदगी के ढेरों को जेसीबी से उठवाया जा रहा है। हालांकि, सफाई कर्मचारियों ने इस प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने की भरसक कोशिश की लेकिन पुलिस प्रशासन की सख्ती हावी रही। कई शहरों से सफाई कर्मचारियों और पुलिस में झड़प की भी सूचनाएं हैं। सरकार ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर एस्मा लगा दिया है। जिसमें कर्मचारियों को तुरंत काम पर लौटने के आदेश दिए गए हैं। वहीं बिगड़ते हालात देख सरकार ने खुद सफाई का मोर्चा संभाल लिया है। अब पुलिस सुरक्षा में सफाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। वहीं वैकल्पिक इंतजाम के लिए फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों पर होमगार्ड और रोडवेज चालकों की तैनाती की जा रही है। सफाई के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तय रेट पर रखे सफाई कर्मचारियों की मदद ली जा रही है।
एस्मा की प्रतियां जलाएंगे कर्मचारी
सरकार के इस फैसले के विरोध में हड़ताली कर्मचारियों ने फैसला किया है कि वह एस्मा की प्रतियां जलाकर प्रदेशभर में आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष लांबा ने इसकी निंदा की है। सुभाष लांबा ने कहा कि कर्मियों ने अपनी मांगों के लिए नगर निकाय मंत्री को अपना मांग पत्र भेज दिया था, लेकिन कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया। यही कारण है कि आज प्रदेश के 40 हजार कर्मी हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए। सोमवार को वह उलटा झाडू लेकर प्रदर्शन करेंगे।
चीफ सेक्रेटरी ने अधिकारियों को दी सलाह
चीफ सेक्रेटरी संजीव कौशल ने अधिकारियों को कचरे का डोर-टू-डोर कलेक्शन करने वाले के कॉन्ट्रैक्ट की अवधि को 2 से 3 माह के लिए बढ़ाने को कहा है। यह कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो चुका है। इसके अलावा, आवश्यकता पडऩे पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तय रेट पर भी सफाई कर्मचारियों को काम पर रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि कचरे का डोर-टू-डोर कलेक्शन के कार्य को प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।