छत गिरने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के दो युवक बचाव के लिए दौड़े। जब उन्होंने मकान का गेट खोलने का कोशिश किया तो तो मकान का छज्जा उनके ऊपर आ गिरा जिससे वह जख्मी हो गए।

हिसार। हिसार के 12 क्वार्टर एरिया में एक मकान की छत गिरने से उसके नीचे पूरा परिवार दब गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि परिवार के 4 सदस्य घायल हो गए। छत गिरने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के दो युवक बचाव के लिए दौड़े। जब उन्होंने मकान का गेट खोलने का कोशिश किया तो तो मकान का छज्जा उनके ऊपर आ गिरा जिससे वह जख्मी हो गए। बाद में पड़ोसियों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जानकारी के अनुसार मकान में रहने वाला मनोज किसी काम से वापस घर आया। वह घर के सामने स्कूटी खड़ी करके अंदर ही घुसा था कि मकान की छत गिर गई। छत गिरने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से आसपास के लोग अपने घरों से बाहर आ गए। उन्होंने देखा कि मनोज के घर की छत गिरी हुई है और अंदर से चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही है। पड़ोस के दो युवक मनोज के मकान का दरवाजा खोल कर मलबे में बसे लोगों को निकालने के लिए दौड़े। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो मकान का छज्जा उनके ऊपर गिर गया। इसे वे भी घायल हो गए। आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। पड़ोसियों ने मलबे को साइड में किया और उसमें फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। मलबे में दबने से गंभीर रूप से घायल हुए मनोज की मौत हो गई। लोगों ने बताया कि मनोज के मकान की छत बिल्कुल जर्जर हो चुकी थी। करीब एक महीने पहले मनोज के मकान के एक कमरे की छत बारिश में गिर गई थी। छत की रिपेयर करवाने के लिए गाटर भी लाए गए थे। इससे पहले की रिपेयर का काम शुरू हो पाता, बारिश फिर से होने लगी। पिछले 2 दिनों से चल रही बारिश के कारण जगह-जगह से छत से पानी टपकने लगा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले मकान की छत गिर गई और जब मलबे में फंसे परिवार को निकालने के लिए मकान का मुख्य दरवाजा खोलने की कोशिश की तो बाहर का छज्जा भी गिर गया।
