चढूनी के नेतृत्व में आईजी हिसार के कार्यालय का घेराव

हिसार। हिसार के ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल में अस्थायी कोविड अस्पताल के उद्घाटन पर पहुंचे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद पुलिस और किसानों का टकराव हुआ | जिसके बाद किसानों ने प्रदेश में जगह-जगह जाम लगा दिए।
किसानों ने शाम 7 बजे तक सड़कों पर बैठकर सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर जाम लगाया वहीं कुरुक्षेत्र में अंबाला हिसार हाईवे पर सैनी माजरा व थाना टोल पर जाम लगाया।
इसी दौरान किसान नेता राकेश टिकैत हिसार जाते समय जींद जिले के राजपुरा गांव से होते हुए निकले। यहां के अलावा जिले में रामराय, दनौदा, खटकड़ समेत कई जगहों पर जाम लगाया गया। कैथल में जींद रोड पर तितरम मोड़, पाई और खरक पांडवा में किसानों ने जाम लगाया।
पानीपत में जीटी रोड पर, करनाल-असंध हाईवे पर भी जाम लगाया गया। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व में किसानों ने हिसार में पुलिस महानिरीक्षक के कार्यालय का घेराव किया।