
जींद, 2 अगस्त: हरियाणा के जींद में साइबर ठगों ने एक पुलिस कांस्टेबल को ही झांसे में ले लिया। ठगों ने सिपाही से 2 लाख 81 हजार रुपए ठग लिए। सिपाही की शिकायत पर अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस किसी ठग का पता नहीं लगा पाई है। जिला कैथल के गांव दुंडवा निवासी आभेराम ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पुलिस लाइन जींद में कांस्टेबल पद पर कार्यरत है। उसे एक अनजान व्यक्ति की कॉल आई। उससे कहा कि आप क्रेडिट कार्ड यूज करते हैं लेकिन इसके रिवार्ड पाइंट को यूज नहीं कर रहे हैं। इसकी एवज में आपको एपिक शॉप कंपनी इनाम दे रही है। जिस पर उसने मना कर दिया। फिर उन्होंने बताया कि इसके लिए आपको कोई पेमेंट नहीं करनी है, बस लैपटॉप के इंश्योरेंस के लिए 8 हजार रुपए की कैंसिल ट्रांजैक्शन दिखानी है। सिपाही साइबर ठगों के झांसे में आ गया। आभे राम ने बताया कि उससे कहा गया कि आप जो 8 हजार रुपए भेजेंगे उसे तुरंत वापस कर दिया जाएगा। उसने उनके कहे अनुसार 8 हजार रुपए कैंसिल ट्रांजैक्शन के लिए पेय कर दिए। यह ट्रांजैक्शन कैंसिल नहीं हुआ और रुपए उनके खाते में चले गए। बाद में उन्हें फोन आया और कहा कि आपका रिफंड पेंडिंग में चला गया है। इसके बाद रिफंड के नाम पर उससे लगातार ट्रांजैक्शन करवाई गई। साइबर ठगों ने कुल 2 लाख 81 हजार रुपए की पेमेंट करवा ली। जब उसने पूछताछ की तो कोई ठोस जवाब नही दिया गया। जिस पर उसने मामले की शिकायत पुलिस को की।