
जींद। जींद के गांगोली गांव में रविवार दोपहर को 25 वर्षीय महिला ने अपने ढाई साल के बेटे समेत फंदा लगा लिया। घर में मौजूद परिजनों को जैसे ही इसका पता चला तो उन्होंने दरवाजा तोडक़र दोनों को फंदे से उतारा। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही महिला के पति ने भी फंदा लगा लिया। परिवार वालों ने उसे नीचे उतार लिया। महिला की मौत हो गई है और उसके पति व बेटे का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि 28 वर्षीय अजीत की शादी करीब चार साल पहले सोनीपत जिला के कैनाल गांव निवासी संध्या के साथ हुई थी। दोनों के बीच झगड़ा रहता था। रविवार को संध्या के सास-ससुर रिश्तेदारी में मातम पर गए थे। तभी उसने घर का दरवाजा बंद कर खुद व अपने ढाई साल के बेटे को फांसी लगा दी। पास के ही कमरे में परिजनों को जैसे ही घटना का आभास हुआ तो उन्होंने दरवाजा तोडक़र दोनों को फंदे से उतारा। इस दौरान संध्या की मौत हो चुकी थी और ढाई साल का बेटा लक्की जिंदा था। इस पर लक्की को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई लेकर जाया गया। वहीं घटना की सूचना संध्या के मायका में दी गई। संध्या के मायका पक्ष के लोग सीधे पिल्लूखेड़ा थाना पहुंचे और पुलिस को लेकर गांव आए। इसकी सूचना मिलते ही संध्या के पति अजीत ने भी फांसी लगा ली। उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल संध्या के पति अजीत व बेटे की हालत स्थिर है। वहीं संध्या की मौत हो चुकी है।