
जींद, 21 अगस्त (जन सरोकार ब्यूरो) : जींद के सैक्टर 11 में एक महिला ने खुद को गोली मार कर सुसाइड कर लिया। महिला का शव खून से लथपथ घर के बाथरुम में मिला है। महिला के माथे पर गोली के निशान थे। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति सहित तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या से मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। जींद में सैक्टर 11 निवासी अमित की तीस साल की पत्नी मीनू का शव रविवार को घर के बाथरुम में खून से लथपथ मिला। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो मीनू के माथे में गोली लगी हुई थी और बाथरुम अंदर से बंद भी था। पास ही पिस्तौल भी पड़ी थी। हालांकि घटना के दौरान अमित बच्चों सहित बाहर था। अमित और मीनू की शादी तेरह साल पहले हुई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एफएसल टीम की सहायता से साक्ष्यों को जुटाया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। जींद के पॉश इलाके में हुई इस घटना के बाद सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मृतका के मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता रोहतक के गांव मायना निवासी जयभगवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी लगभग 13 वर्ष पहले अमित के साथ हुई थी। तभी सुसराल जन उसकी बेटी को तंग करते थे। इसी के चलते मीनू ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जयभगवान की शिकायत पति अमित, ससुर राजेंद्र, सास कमला के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी बलजीत ने बताया कि मृतका के परिजनों ने मृतका को परेशान करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। पुलिस पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।